बांदा, के एस दुबे । हिन्दी दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय, बांदा में हिन्दी भाषा के प्रति सम्मान एवं न्यायिक तथा कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिन्दी में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनपद न्यायाधीश श्रीमती अल्पना ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। हिन्दी के प्रति विशेष समर्पण के साथ कार्य करने वाले रोआब आलम, संतोष सविता, इन्द्र देव सहित अन्य कर्मचारियों को न्यायालयीन एवं कार्यालयीन कार्यों में
हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान हिन्दी में प्रभावी एवं उत्कृष्ट न्यायिक कार्य करने वाले न्यायिक अधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। जिला न्यायाधीश ने कहा कि न्यायिक कार्यों में हिन्दी का सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी प्रयोग आमजन को न्यायिक प्रक्रिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वक्ताओं ने कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि जनसामान्य और न्याय व्यवस्था के बीच एक सशक्त सेतु है। न्यायालयीन कार्यों में सरल एवं सहज हिन्दी का प्रयोग न्याय को अधिक सुगम और जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में न्यायिक एवं कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा हिन्दी के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया गया।


No comments:
Post a Comment