विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग को लेकर नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 14, 2026

विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग को लेकर नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी

बबेरू/बांदा, के एस दुबे । बबेरू तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मऊ गांव के दो दर्जन से अधिक ग्रामीण सोमवार को तहसील परिसर पहुंचे। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार कुमार गौरव को एक ज्ञापन सौंपकर गांव में स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता 25 किलोवाट से बढ़ाकर 63 किलोवाट किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने अपनी समस्या साझा करते हुए बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले चार महीनों से बिजली व्यवस्था बदहाल है। वर्तमान में जो ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, उससे करीब 80 घरों के कनेक्शन जुड़े हुए हैं। इसी ट्रांसफार्मर पर एक व्यक्ति द्वारा पावर कनेक्शन लेकर आटा चक्की भी संचालित की जा रही है, जिसके अत्यधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार ओवरलोड होकर महज 10 से 15 दिनों के भीतर ही फुंक जाता है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ट्रांसफार्मर


खराब होने पर जब भी नया ट्रांसफार्मर मंगवाया जाता है, तो इसके लिए स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों द्वारा पैसे भी जुटाए जाते हैं। बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने और बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही 25 किलोवाट के स्थान पर 63 किलोवाट का ट्रांसफार्मर नहीं रखवाया गया, तो आगामी विधानसभा चुनाव में वे मतदान का पूर्ण बहिष्कार करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages