1.51 करोड़ से चमकेगा ऐतिहासिक दुर्ग का रास्ता, ग्रामीण जंक्शनों का होगा कायाकल्प
पर्यटन को लगेंगे पंख, ग्रामीणों को मिलेगी राहत
बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड के ऐतिहासिक अपराजेय कालिंजर दुर्ग जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय राहगीरों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'स्मार्ट कनेक्टिविटी' विजन के तहत बांदा-नरैनी-कालिंजर राज्य मार्ग 113 की सूरत बदलने का काम किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग इस मार्ग को गड्ढामुक्त और खूबसूरत बनाने के लिए युद्धस्तर पर जुट गया है।
1.51 करोड़ रुपये की लागत से चमकेगा रास्ता
कालिंजर दुर्ग आने-जाने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के सफर को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार ने 1.51 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है। इस राशि से न सिर्फ पूरी सड़क की री-सरफेसिंग की जाएगी, बल्कि मार्ग पर पड़ने वाले सभी ग्रामीण जंक्शनों का पूरी तरह कायाकल्प किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इस कायाकल्प से धूल और गड्ढों से जूझने वाले राहगीरों को हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
पर्यटन को लगेंगे पंख, ग्रामीणों को मिलेगी राहत
योगी सरकार का यह कदम बुंदेलखंड के पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अब तक जंक्शनो में सुधार न होने के कारण पर्यटकों को कालिंजर दुर्ग तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। राज्य मार्ग 113 के इस कलकल्प से जहां एक ओर पर्यटकों का सफर आसान होगा, वहीं दूसरी ओर नरैनी और आसपास के दर्जनों ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। PWD के अधिकारियों का दावा है कि गुणवत्ता मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए इस कार्य को तय समय-सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment