MDR शुल्क, जिला पंचायत के कर और लाइसेंस फीस की नोटिस के विरोध में पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन का फैसला
बांदा, के एस दुबे । जिले में 15 अक्टूबर 2026 को पेट्रोल पंपों पर एक दिवसीय हड़ताल रहेगी। बांदा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की शुक्रवार, 9 अक्टूबर को हुई बैठक में सर्वसम्मति से हड़ताल का निर्णय लिया गया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न तेल कंपनियों के पेट्रोल पंप सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह चंदेल एवं महासचिव अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि ₹2,000 से अधिक के यूपीआई भुगतान पर एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क लगाए जाने के विरोध में यह हड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही जिला पंचायत बांदा की ओर से पेट्रोल पंपों पर लगाए जा रहे विभव संपत्ति कर, लाइसेंस फीस से संबंधित नोटिस और आरसी वापस लेने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा एथेनॉल मिश्रण
के कारण वाहनों में आ रही समस्याओं को लेकर भी पेट्रोल पंप संचालकों ने चिंता जताई है। पदाधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल पंप व्यवसायी पहले से ही उचित डीलर मार्जिन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में नए शुल्क और नियमों के चलते उनकी समस्याएं और बढ़ रही हैं। इसी के विरोध में एसोसिएशन को आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा है।
अति आवश्यक सेवाओं को मिलेगी राहत
एसोसिएशन के अनुसार, हड़ताल के दौरान एंबुलेंस और पुलिस जैसी अति आवश्यक सेवाओं के लिए ईंधन की आपूर्ति जारी रखी जाएगी। जिले में संचालित आईओसीएल (IOCL), बीपीसीएल (BPCL), एचपीसीएल (HPCL) सहित विभिन्न कंपनियों के पेट्रोल पंप हड़ताल में शामिल रहेंगे। बैठक में हिमांशु शिवहरे, संतोष अग्रवाल, गणेश प्रसाद, अनिल निगम, संकल्प अवस्थी, डॉ. शिवकरण रविदास, सुरेंद्र सिंह, रजत गुप्ता, मुदित अग्रवाल, रत्नेश कुमार गुप्ता, सूरज त्रिपाठी, आयुष यादव, आसिफ मजीद, अर्जुन सिंह, प्रवीण चौरसिया, दुर्गेश पटेल, संतोष कुमार सिंह, आदित्य सिंह, अनूप सिंह, अमर सिंह, प्रांशू सोनी, विश्वास सिंह, योगेंद्र भदौरिया, अजय कुमार, मनीष कुमार शुक्ला, सुरेंद्र तिवारी, शुभम, अमित अग्रवाल, सुधीर सिंह और मानस शुक्ला सहित अन्य पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment