चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार को जारी होने के साथ ही जनपद के 1,22,948 किसानों के बैंक खातों में 24 करोड़ 58 लाख 96 हजार रुपये की धनराशि पहुंच गई। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में दो हजार रुपये हस्तांतरित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्टरेट सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के
हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। किसान सम्मान निधि योजना खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इस दौरान कृषि अवसंरचना कोष के तहत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित करने और 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स के शुभारंभ की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, उप कृषि निदेशक जीतलाल गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी आर.के. वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. आलोक पांडेय, शिवाकांत द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment