करवा चौथ: बाजारों में सुहागिनों की खरीदारी ने बिखेरी रौनक - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, October 28, 2026

करवा चौथ: बाजारों में सुहागिनों की खरीदारी ने बिखेरी रौनक

चूड़ियों की खनक, मेंहदी की महक व साड़ियों की चमक ने बाजारों को त्योहारी रंग में रंगा

फतेहपुर, मो शमशाद । करवा चौथ के पावन पर्व से एक दिन पहले बाजारों में उत्साह और उमंग का माहौल है। सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार और पूजा सामग्री की खरीदारी में जुटी हैं जिससे शहर के प्रमुख बाजार चौक, चूड़ी गली, हरिहरगंज रंग-बिरंगे और चहल-पहल से भर गए हैं। चूड़ियों की खनक, मेहंदी की महक व साड़ियों की चमक ने बाजारों को त्योहारी रंग में रंग दिया है। महिलाएं नई डिजाइनर साड़ियों, लहंगे, जड़ाऊ आभूषण व मेहंदी के नए-नए डिजाइनों की खरीदारी में व्यस्त हैं। स्थानीय निवासी अर्चना मिश्रा ने उत्साह के साथ बताया कि करवा चौथ मेरे लिए बहुत खास है। आज मैंने लाल रंग की बनारसी साड़ी और चांद-सितारे वाली चूड़ियां खरीदीं। मेहंदी का डिजाइन भी बुक कर लिया है। वहीं दुकानदार विनोद गुप्ता ने कहा कि इस बार बाजार में रंग-बिरंगे करवे,

मेंहदी लगवाती सुहागिन महिलाएं। 

डिजाइनर चूड़ियां और ट्रेंडी ज्वेलरी की मांग बहुत ज्यादा है। ग्राहकों के लिए हमने विशेष ऑफर भी शुरू किए हैं। बाजारों में खरीदारी के साथ-साथ महिलाएं घरों में पूजा की थाल सजाने और मिठाइयां तैयार करने में भी जुटी हैं। कई महिलाएं अपने पति के लिए उपहार भी खरीद रही हैं, जिससे बाजारों में पुरुषों की वस्तुओं की दुकानों पर भी रौनक दिख रही है। जिला प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और खरीदारी को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। करवा चौथ का यह पर्व न केवल सुहागिनों के प्रेम और विश्वास का प्रतीक बन रहा है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति दे रहा है। कल (आज) चांद निकलने के साथ ही व्रत का समापन होगा। शहर की गलियां सुहागिनों की खुशी और उत्साह से गूंज उठेंगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages