बबेरू /बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे के रामलीला महोत्सव के छठवें दिन शनिवार की रात्रि भगवान श्रीराम की भव्य बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। शहनाई, दुलदुल घोड़ी, डीजे, बैंड-बाजा, रोड लाइट और आतिशबाजी के बीच निकली बारात ने पूरे कस्बे को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। जगह-जगह कस्बावासियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, विश्वामित्र और राजा दशरथ की मनमोहक झांकियों की आरती उतारकर स्वागत किया। बारात के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बारात के साथ चल रहे सैकड़ों बारातियों के लिए जगह-जगह जलपान और खानपान की व्यवस्था की गई। कमासिन रोड मुख्य चौराहा औगासी
रोड मरका रोड गाँधी नगर शास्त्री नगर आजाद नगर, देवी नगर होते हुवे पूरे कस्बे में भ्रमण करने के बाद बारात तिंदवारी रोड स्थित दीपचंद गुप्ता के आवास पर पहुंची, जहां उनके द्वारा जनकपुर की भव्य सजावट कराई गई थी। जनकपुर के रूप में सजे परिसर में पहुंचते ही विवाह उत्सव का माहौल बन गया। यहां वैदिक रीति-रिवाजों और पूरे उत्साह के साथ भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की लीला संपन्न कराई गई। जनकपुर की आकर्षक सजावट और विवाह समारोह का दृश्य देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो वास्तव में जनकपुर में भगवान श्रीराम का विवाह हो रहा हो। इस दौरान बारातियों के लिए भोजन और जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई। रामलीला महोत्सव के इस आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। वहीं, बारात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बबेरू कोतवाली पुलिस बल भी मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से देर रात्रि तक संपन्न हुआ।


No comments:
Post a Comment