नंदवारा के प्रधान देवेंद्र पाल वर्मा के पिता पर दो मासूम भाइयों की हत्या का भी आरोप, पुलिस तलाश में जुटी
बांदा, के एस दुबे । विकासखंड नरैनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत नंदवारा के ग्राम प्रधान देवेंद्र पाल वर्मा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। फर्जी आधार कार्ड एवं शैक्षिक प्रमाणपत्र के आधार पर ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने के मामले में उनके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी का अधिपत्र (वारंट) जारी किया गया है। सामने आए दस्तावेज में संबंधित धाराओं के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेजों के मामले को लेकर काफी समय से कार्रवाई चल रही थी। अब न्यायालय के आदेश के बाद नरैनी पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है। वहीं, देवेंद्र पाल वर्मा के पिता पर नंदवारा गांव
में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या के मामले में भी आरोपी होने का आरोप है। इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम प्रधान पद की आड़ में ग्राम पंचायत में सरकारी धन के दुरुपयोग और बंदरबांट भी की गई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा न्यायालय से जारी गिरफ्तारी आदेश के तहत आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। फिलहाल नरैनी पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। अब देखना यह है कि पुलिस न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी की गिरफ्तारी कब तक करती है।


No comments:
Post a Comment