बबेरू/बांदा, के एस दुबे । बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव में पारिवारिक जमीन के विवाद को लेकर पिता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र और उसके साले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरवल गांव निवासी महादेव पुत्र रामाधार ने पुलिस को सूचना दी थी कि 28 अक्टूबर की शाम पारिवारिक जमीन के विवाद को लेकर उनके पुत्र शिवा और साले कामता प्रसाद ने जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया।
इसी क्रम में 29 अक्टूबर की देर रात पुलिस गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गैस एजेंसी के आगे तुर्की तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामता प्रसाद पुत्र शंकर और शिवा पुत्र महादेव, निवासी मुरवल के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेश यादव, कांस्टेबल इंद्रजीत और कर्मवीर यादव शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment