मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी
बाँदा, के एस दुबे । जनपद के नरैनी थाना क्षेत्र के ग्राम नंदवारा में दो मासूम बच्चों की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक बच्चों के पिता भैयाराम ने पुलिस पर मुलजिमों से मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है। भैयाराम ने बताया कि पुलिस ने उसके परिवार को घर के अंदर ही कैद कर दिया है। किसी भी रिश्तेदार या मिलने-जुलने वाले को घर तक नहीं आने दिया जा रहा है। यदि कोई मिलने आता है तो पुलिस कर्मियों द्वारा उसे डांट कर भगा दिया जाता है, ताकि उनकी पीड़ा बाहर न जा सके।
भैयाराम ने रोते हुए कहा, मैं पूरी तरह से टूट गया हूँ। इस घटना का मुख्य गुनहगार लोधी महेंद्रपाल वर्मा है और पुलिस उसे बचाने में लगी है, इसलिए आज तक उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई।" पुलिस के रवैये से दुखी होकर भैयाराम ने आज से अपने घर के सामने ही सत्याग्रह शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी महेंद्रपाल वर्मा को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह आमरण अनशन करेंगे और अपने बच्चों की प्रतीकात्मक अर्थी लेकर मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ जाएंगे। गांव में इस समय पुलिस के खौफ और आरोपी के दबदबे के चलते सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण महेंद्रपाल के डर से खुलकर बयान देने को भी तैयार नहीं हैं।


No comments:
Post a Comment