प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक और विधिक शिविर का हुआ आयोजन
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बांदा की अध्यक्षा अल्पना के कुशल निर्देशन में 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के पावन अवसर पर जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता और राष्ट्र सेवा के साथ-साथ कानूनी अधिकारों और पॉक्सो एक्ट के प्रति समाज को जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीवानी न्यायालय परिसर, बांदा में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। जनपद न्यायाधीश अल्पना, समस्त न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन संघर्षों
पर अपने विचार रखे। इसके बाद प्रातः 08.30 बजे जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों की प्रभात फेरी को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, विद्यालय की प्रधानाचार्या, कर्मचारियों और पराविधिक स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रातः 09.30 बजे संत कृपाल सिंह विधि महाविद्यालय, ग्राम लामा में पॉक्सो अधिनियम से संबंधित एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए अपर जिला जज एससी/एसटी डॉ. विकास श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। अपर जिला जज (पॉक्सो एक्ट) प्रदीप कुमार मिश्रा ने यौन शोषण से बाल सुरक्षा अधिनियम-2012 के कानूनों और इसके कानूनी परिणामों पर प्रकाश डाला तथा छात्रों के कानूनी सवालों के जवाब दिए। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सौरभ सिंह और सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कमल सिंह गौतम ने भी उपयोगी जानकारियां साझा कीं। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने गांधी जयंती पर विधि छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई सुंदर पेंटिंग्स का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. श्रेतिमा द्विवेदी ने सभी का आभार व्यक्त किया। सुबह 09 बजे महाराणा प्रताप चौराहा स्थित पार्क में आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा पॉक्सो अधिनियम के विषय पर एक आकर्षक नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी। नाटक के माध्यम से बच्चों ने बाल सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति बेहद प्रभावी संदेश दिया।


No comments:
Post a Comment