सीएचसी अधीक्षक सहित पूरा स्टाफ पहुंचा कोतवाली
बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार की देर रात जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता अरुण सिंह पटेल के ऊपर अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड यादव महेन्द्र सरदार के साथ मारपीट करने तथा डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सीएचसी बबेरू में उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम के तहत तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। मामले को लेकर सीएचसी अधीक्षक
ने देर रात बबेरू कोतवाली पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया, और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, एफआईआर दर्ज न होने से नाराज सीएचसी अधीक्षक समेत पूरा स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ कार्य बहिष्कार करते हुए कोतवाली पहुंच गया, और वहीं बैठकर मुकदमा दर्ज करने तथा कार्रवाई की मांग करने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती है तो पूरा स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ कार्य बहिष्कार करेगा। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा गार्ड के साथ हुई घटना को लेकर कार्रवाई की मांग उठाई है। वही बबेरू कोतवाली में जिला पंचायत सदस्य अन्य 6 से 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


No comments:
Post a Comment