भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
बांदा, के एस दुबे । गुलरनाका स्थित हजरत मौलाना सिद्दीकी मेमोरियल इंटर कॉलेज में देश के 11वें राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जामिया अरबिया हथौरा, बांदा के जनाब अब्दुल रज्जाक साहब तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौलाना अब्दुल ताहिर साहब और मौलाना आबिद साहब उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से टीचिंग प्रबंधक डॉ. शबाना रफीक, सचिव डॉ. शेख सऊद-उज-जमा, मुफ्ती नजीब अहमद तथा उपसचिव अब्दुल रशीद सिद्दीकी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय में भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
भाषण प्रतियोगिता में कक्षा सात की छात्रा एनी जमीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा नौ की छात्रा सानिया नाज द्वितीय तथा कक्षा 11 की छात्रा युसरा फातिमा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा नौ की छात्रा शिफा फातिमा ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा नौ की छात्रा महक अंसारी द्वितीय तथा कक्षा 10 के छात्र मोहम्मद आरिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती यासमीन खान ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री मुसाब अहमद ने किया। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और देशसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।


No comments:
Post a Comment