कानपुर, प्रदीप शर्मा - हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, कानपुर के आह्वान पर मंगलवार को कानपुर महानगर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्यालयों में सामूहिक वंदे मातरम् गान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सूचना लिखे जाने तक लगभग 1,05,791 छात्र-छात्राओं, आचार्यों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगीत का सामूहिक गान किया। यह आयोजन आगामी 26 से 30 नवंबर 2026 तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, बेनाझाबर, कानपुर में आयोजित होने वाले हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले की पूर्व गतिविधियों के अंतर्गत किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक समरसता, सेवा भावना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति जागरूक करना रहा।इसी क्रम में महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज, मंधना, कानपुर में भी कार्यक्रम आयोजित किया
गया। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान कर मातृभूमि के प्रति अपना प्रेम एवं सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेला के महानगर संयोजक नवेंदु शुक्ला मौजूद रहे।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गुणवंत सिंह कोठारी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा और समाज निर्माण में उसके योगदान के बारे में बताया।उन्होंने सुश्रुत, चरक एवं पतंजलि जैसे महान ऋषियों के योगदान के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों से भारतीय ज्ञान-विज्ञान की परंपरा को समझने, उसका अध्ययन करने तथा वैज्ञानिक तथ्यों के साथ समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का आह्वान किया। उन्होंने वंदे मातरम् के महत्व और इसके 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक प्रासंगिकता के बारे में व आगामी सेवा मेले के कार्यक्रमों की जानकारी दी।विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान प्रधानाचार्यों, आचार्यों, शिक्षकों एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि 26 से 30 नवंबर तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, बेनाझाबर में आयोजित होने वाला हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक एवं मानवीय मूल्यों तथा सेवा कार्यों को समर्पित एक महत्वपूर्ण आयोजन होगा। महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से आर. एस. एस. के प्रांत संघ चालक भवानी भीख , डायरेक्टर डॉ. शिवानी कपूर, विभागाध्यक्ष मयंक शुक्ला, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सुनील वर्मा, श्याम दुबे एवं अविनाश बाजपेयी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment