चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय को शुक्रवार को नया कुलपति मिल गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के समाजशास्त्र विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर आरएन त्रिपाठी ने 30 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के संगोष्ठी कक्ष में शिक्षकों के साथ बैठक कर शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के मुद्दों पर चर्चा की। प्रो. त्रिपाठी उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पास शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्र का अनुभव है। विश्वविद्यालय के निजी से राज्य विश्वविद्यालय के रूप में परिवर्तित होने के बाद उसके सामने प्रशासनिक, शैक्षणिक और संरचनात्मक स्तर पर कई
चुनौतियां हैं। ऐसे में नए कुलपति के सामने संस्थान की व्यवस्था को मजबूत करने और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, अनुसंधान गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समग्र शैक्षणिक उन्नयन पर विचार-विमर्श किया गया। कुलपति ने विभागाध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति और उत्कृष्टता के लिए सामूहिक प्रयास, समर्पण और सकारात्मक सहभागिता जरूरी है। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था और समावेशी शिक्षा को सशक्त बनाने पर भी जोर दिया। विश्वविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि प्रो. त्रिपाठी के नेतृत्व में संस्थान विकास, नवाचार और दिव्यांग विद्यार्थियों के सशक्तीकरण की दिशा में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।


No comments:
Post a Comment