अतर्रा में कांग्रेस ने किया मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन, इस्तीफे की मांग - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 8, 2026

अतर्रा में कांग्रेस ने किया मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन, इस्तीफे की मांग

बांदा, के एस दुबे । कांग्रेस हाईकमान के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बांदा के तत्वावधान में गुरुवार को अतर्रा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व और नगर अध्यक्ष रमेश साहू की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन स्थित धरना स्थल से गांधी चौक तक पैदल मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और प्रदर्शन को काला दिवस के रूप में मनाया। गांधी चौक पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया। इस दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़” और “वोट चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में” जैसे नारे लगाए गए।


कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें हैं—मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, चुनाव मतपत्र से कराए जाएं और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को रद्द किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं और चुनाव आयोग को इस संबंध में पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता जरूरी है। विपक्षी दलों के नेताओं और सांसदों को चुनाव आयोग से मिलने से रोका जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। उन्होंने विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग तक जाने से रोके जाने की निंदा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी शिकायतें चुनाव आयोग के समक्ष रखने का अधिकार है। प्रदर्शन में एआईसीसी सदस्य रमेश चंद्र कोरी, पीसीसी सदस्य पवन देवी कोरी, पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा, अर्जुन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सूरज बाजपेई, जिला महासचिव जगदीश गुप्ता विक्की, राजेंद्र गर्ग नाती, जिला सचिव बाबूराम यादव, अम्बिका खेंगर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, बिसंडा ब्लॉक अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, नरैनी ब्लॉक अध्यक्ष रामनारायण प्रजापति, सेवादल के कैलाश नाथ बाजपेई, नगर अध्यक्ष नरैनी आरके निगम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages