गौशाला में अधिक गोवंश दर्शाकर भुगतान निकालने का आरोप,
सफाई और पंचायत भवन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल
बांदा, के एस दुबे । जसपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत चंदवारा में ग्राम प्रधान पर सरकारी धनराशि के भुगतान में अनियमितता किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में वास्तविक संख्या से अधिक गोवंश दर्शाकर सरकारी धनराशि का भुगतान कराया जा रहा है, जबकि मौके पर गोवंशों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत भवन पर लंबे समय से ताला लगा रहता है, जिससे ग्रामीणों को पंचायत से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गांव में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है, जबकि सफाई के नाम पर भुगतान किया गया है।
इन भुगतानों को लेकर उठे सवाल
ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार नाली व घूर सफाई के नाम पर करीब 32,550 रुपये, पंचायत भवन की रंगाई-पुताई व मरम्मत के नाम पर 1,43,392 रुपये तथा हैंडपंप मरम्मत के नाम पर करीब 38,345 रुपये का भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित भुगतानों की निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी अभिलेखों में दर्ज कार्यों का मौके पर सत्यापन कराया जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि ग्राम पंचायत में कुल कितनी सरकारी धनराशि निकाली गई और किन-किन कार्यों के नाम पर भुगतान किया गया।
प्रधान ने नहीं दिया जवाब
मामले में ग्राम प्रधान अरविंद सिंह से आरोपों और भुगतान के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अब सवाल यह है कि चंदवारा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर कितनी धनराशि खर्च की गई और अभिलेखों में दर्ज कार्य वास्तव में मौके पर हुए हैं या नहीं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment