चीख-पुकार से मचा हड़कंप, सात बच्चों को चोटें, पांच को मामूली जख्म
खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । खखरेरू थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूली बस अचानक स्टेयरिंग फेल होने से बेकाबू होकर सड़क किनारे खंदक में पलट गई। हादसा होते ही बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में ग्यारह बच्चे जख्मी हो गए। हादसे में सात बच्चों को चोटें आईं, जबकि पांच अन्य बच्चे भी मामूली रूप से घायल हुए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने के बावजूद कोई अनहोनी नहीं हुई। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे रक्षपालपुर कस्बा स्थित मातादीन एक्सेल एकेडमी की स्कूल बस 12 बच्चों को लेकर दौलतपुर, गाजीपुर व मानूपुर गांव छोड़ने जा रही थी। खखरेरू-कोट मार्ग से मानूपुर गांव की ओर मुड़ते ही गांव से पहले अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक अमृतलाल ने बस को रोकने का
![]() |
| खंदक में पलटी स्कूली बस से बच्चों को निकालते ग्रामीण व पुलिस। |
प्रयास किया, लेकिन तब तक बस के टायर सड़क से नीचे खंदक में उतर गए और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में केजी व कक्षा एक में पढ़ने वाले दौलतपुर निवासी छह वर्षीय श्रेयांस, सात वर्षीय हर्ष सिंह, आठ वर्षीय अयांश, आठ वर्षीय अभय सिंह, सात वर्षीय तृस सिंह, मानूपुर निवासी आठ वर्षीय अनु सिंह, आठ वर्षीय पीयूष सिंह जख्मी हो गए। इसके अलावा पांच अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आईं। बस चालक अमृतलाल ने बताया कि हादसे के समय बस की रफ्तार करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा थी। स्टेयरिंग फेल होने के बाद उसने बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन बस के टायर खंदक में उतर जाने से वाहन पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे। अभिभावकों व कॉलेज प्रबंधन की मदद से सभी घायल बच्चों को निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। उपचार के बाद सभी बच्चों को परिजन अपने साथ घर ले गए। हादसे के बाद बच्चों के अभिभावकों में स्कूल बस की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी रही।


No comments:
Post a Comment