34वें सरदार वल्लभभाई पटेल मेधावी छात्र-छात्रा पुरस्कार वितरण समारोह में भाजपा सरकार पर साधा निशाना
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । 34वें सरदार वल्लभभाई पटेल मेधावी छात्र-छात्रा पुरस्कार वितरण एवं अभिनंदन समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मानसिंह पटेल ने शिक्षा को समाज की तरक्की, विकास और सभ्य समाज की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि बौद्धिक, आर्थिक और सामाजिक विकास का मूल आधार शिक्षा है। शिक्षा वह शक्ति है, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ सकता है।
मानसिंह पटेल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले, छत्रपति साहूजी महाराज और डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसी महान विभूतियों ने समाज को शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम किया। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान ने देश के नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय के अधिकार प्रदान किए। इन्हीं अधिकारों के बल पर वंचित और बहुजन समाज के लोग शिक्षा हासिल कर विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।
प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर गांव-गांव और चौराहे-चौराहे पर शराब की दुकानों की संख्या बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर स्कूलों को मर्जर नीति के तहत बंद किया जा रहा है। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए लोगों से जागरूक रहने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक है। सपा नेता ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं, भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अनेक वादे पूरे नहीं हुए हैं, जिससे आम जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्नातक एमएलसी चुनाव में रोजगार और शिक्षा होंगे प्रमुख मुद्दे
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए मानसिंह पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव को वास्तविक जनसमस्याओं से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षकों की समस्याओं, शिक्षण संस्थानों की स्थिति, स्नातकों के रोजगार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। समारोह में सदर विधायक अनिल प्रधान, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, सपा नेता निर्भय पटेल, सूरज पटेल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरालाल पटेल, जिला सचिव राधेश्याम निषाद, युवा नेता अंगद यादव, जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती और धर्मेंद्र भास्कर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिला-पुरुषों ने भाग लिया।


No comments:
Post a Comment