बोले—संविधान पीडीए समाज का सुरक्षा कवच, भाजपा और आरएसएस धैर्य की परीक्षा न लें
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। सनराइज करियर एकेडमी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता मानसिंह पटेल ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और उसके द्वारा प्रदत्त पीडीए समाज के आरक्षण एवं अधिकारों पर लगातार कुठाराघात कर रही है। एक धर्म विशेष के लोगों का भय दिखाकर पीडीए समाज को प्रशासनिक व्यवस्था से बाहर करने की साजिश की जा रही है। मानसिंह पटेल ने कहा कि संविधान पीडीए समाज का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है, जो सभी वर्गों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करता है। भाजपा और आरएसएस पीडीए समाज के धैर्य की परीक्षा न लें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश में 20 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। सरकार ने छात्र, दलित, पिछड़े, आदिवासी और शोषित समाज के हक, अधिकार एवं सम्मान को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के नौजवानों और छात्र-छात्राओं को कठिन परिश्रम के बावजूद प्रशासनिक व्यवस्था में उचित पद और प्रतिष्ठा नहीं मिल पा रही है। आज नियुक्तियों और सम्मान के मामलों में भी जाति देखी जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। दलित, पिछड़े, आदिवासी और महिलाओं के प्रति भाजपा एवं आरएसएस की सोच हमेशा भेदभावपूर्ण रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता न तो बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा को स्वीकार करते हैं और न ही उनके द्वारा निर्मित संविधान की मूल भावना का सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा देश को गोडसे और गोलवलकर के सपनों के अनुरूप बनाने की दिशा में काम कर रही है, लेकिन अब पीडीए समाज और आधी आबादी भाजपा की कथित साजिशों को समझ चुकी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा को सत्ता से बाहर करने का जनता ने मन बना लिया है। कार्यक्रम में चयनित छात्र-छात्राओं को शुभाशीष देते हुए मानसिंह पटेल ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपील की कि सभी लोग जीवन में जिस भी पद पर पहुंचें, संविधान की सुरक्षा और रक्षा को अपना दायित्व समझें, क्योंकि संविधान ही बहुसंख्यक समाज सहित सभी वर्गों के हक और सम्मान की रक्षा करने वाला सुरक्षा कवच है। कार्यक्रम के संयोजक कैप्टन संतोष प्रजापति रहे। इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लोटन राम प्रजापति, जिला पंचायत सदस्य दशरथ प्रजापति, युवा नेता अंगद यादव, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जगदीश गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पुरुषोत्तम जी ने किया। समारोह में सैकड़ों चयनित छात्र-छात्राएं, अभ्यर्थी, महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment