दीपावली व अमावस्या पर गंगा घाटों में उमड़े श्रद्धालु - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, November 8, 2026

दीपावली व अमावस्या पर गंगा घाटों में उमड़े श्रद्धालु

दान-पुण्य कर सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना

फतेहपुर, मो शमशाद । बिंदकी तहसील के गंगा घाटों में दीपावली पर्व व अमावस्या के अवसर पर रविवार को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। भोर पहर तड़के से ही लोग परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए पहुंचे। शिवराजपुर, चंद्रिका बक्सर घाट और आदमपुर घाट समेत विभिन्न घाटों पर धार्मिक माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दान-पुण्य कर सुख समृद्धि एवं शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। हिंदू धर्म में अमावस्या का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। श्रद्धालु शिवा, छोटू, वीरेन्द्र यादव, रामऔतार आदि ने बताया कि दिवाली पर गंगा स्नान कर दान किया है। हर साल दिवाली पर गंगा जी स्नान को आते है। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए स्नान करती रहीं। बच्चों और बुजुर्गों में भी गंगा स्नान का उत्साह दिखा।

पर्व पर गंगा स्नान करतीं महिलाएं।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया। प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए। ग्राम पंचायत व नमामि गंगे द्वारा गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था कराई गई और जगह-जगह पीने का पानी उपलब्ध कराया। औंग, कल्यानपुर, मलवां थाना क्षेत्रों की पुलिस और होमगार्ड के जवान घाटों पर तैनात रहे। पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ दान का महत्व बताया। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। अमावस्या स्नान के बाद श्रद्धालु दिवाली की तैयारियों में जुट गए हैं। आस्था से भरा यह पर्व गंगा तट को भक्ति भाव से सराबोर कर गया। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages