दलित महिला से दबंग की अभद्रताः, एसपी से लगाई न्याय की गुहार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, November 13, 2026

दलित महिला से दबंग की अभद्रताः, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जातिसूचक गालियां, मारपीट और गोद से बच्ची को गिराने का आरोप

बाँदा, के एस दुबे । जिले के मटौंध थाना क्षेत्र से एक दबंग द्वारा दलित परिवार के साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। एक अनुसूचित जाति की पीड़ित महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर घर में घुसकर मारपीट करने, ससुर और गोद की बच्ची को गिराने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, यह घटना 7 नवंबर 2026 की है। दोपहर करीब 2 बजे गांव का ही रहने वाला प्यारेलाल पुत्र रामेश्वर यादव उसके दरवाजे पर आया और उसके ससुर को लेकर जातिसूचक अभद्र गालियां देने लगा। शोर सुनकर जब महिला बाहर आई और उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने


उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी यहीं नहीं रुका। उसी दिन शाम को वह दोबारा उनके घर आ धमका। उस समय पीड़िता के ससुर गोद में छोटी बच्ची को लेकर बैठे थे। आरोप है कि दबंग ने ससुर को लात मारकर गिरा दिया, जिससे गोद में बैठी मासूम बच्ची भी जमीन पर जा गिरी। इस खौफनाक हरकत से परिवार के लोग सहम गए।

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के शराब के नशे में होने की बात कहकर उसे बिना किसी ठोस कार्रवाई के छोड़ दिया। इसके बाद जब पीड़िता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुँची, तो वहां भी उसकी सुनवाई नहीं हुई और कोई कार्रवाई नहीं की गई। थाने से न्याय न मिलने पर आहत पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक के दरबार में गुहार लगाई है। उसने एसपी से मांग की है कि मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए और दबंग के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय मिल सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages