शाही स्नान व संतों की विशेष पूजा
सुरक्षा व व्यवस्था के कड़े इंतजाम
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों भक्तों ने मंदाकिनी नदी में पुण्य स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। रामघाट और उसके आसपास का क्षेत्र शिवमय हो उठा, जहां श्रद्धालु भक्ति भाव से ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष करते नजर आए। भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महाशिवरात्रि के अवसर पर चित्रकूट के साधु-संतों ने मंदाकिनी नदी के रामघाट पर ऐतिहासिक शाही स्नान किया। परंपरागत विधि-
![]() |
मतगजेंद्र नाथ स्वामी के दर्शन को उमडी भीड |
विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई व गंगा आरती के आयोजन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मान्यता है कि इस स्थान पर भगवान शिव की स्थापना स्वयं ब्रह्मा जी ने की थी, जिससे इसका धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में रामघाट पहुंचे व भगवान शिव को जल, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। यहां जलाभिषेक करने से विशेष पुण्य लाभ की प्राप्ति होती है, इसी आस्था के साथ देशभर से लोग यहां पहुंचे। मंदाकिनी तट पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी, जो देर रात तक जारी रही।
![]() |
राम घाट पर स्नान करते श्रद्धालु |
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस बल, गोताखोरों और स्वास्थ्य दल को तैनात किया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके। नगर पालिका द्वारा घाटों की सफाई व्यवस्था को भी चाक-चौबंद रखा गया था। भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, श्रद्धा और भक्ति के दिव्य संगम के रूप में मनाया गया। लाखों श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ की आराधना कर स्वयं को धन्य महसूस किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।
No comments:
Post a Comment