आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों को मिला सम्मान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, June 25, 2025

आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों को मिला सम्मान

हस्ताक्षर कर लोकतंत्र की रक्षा व संविधान के प्रति निष्ठा का लिया संकल्प

फतेहपुर, मो. शमशाद । कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ पर आपातकाल से संबंधित चित्र प्रदर्शनी, हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक बिन्दकी जय कुमार सिंह जैकी, विधायक हुसैनगंज ऊषा मौर्या, विधायक सदर चंद्रप्रकाश लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार समेत लोकतंत्र सेनानियों ने सूचना एवं जन संपर्क विभाग की लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान में हस्ताक्षर कर लोकतंत्र की रक्षा व संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया। आपातकाल से संबंधित लघु फिल्म को देखा। 

लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करते जनप्रतिनिधि।

कार्यक्रम में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों नवल किशोर मिश्रा, फूलचंद्र पटेल, गंगाराम, रमेश प्रसाद को माला, अंगवस्त्र व पौध देकर सम्मानित किया। आपातकाल के संबंध में विचार गोष्ठी में लोकतंत्र सेनानियों ने अपनी जुबानी में आपातकाल की कहानी बताई। जिसमें वह अपने उस समय को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि हम लोग लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का एक ऐसा अध्याय है जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। उस दौर में जिन लोगों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर लोकतंत्र मूल्यों की रक्षा किया जो वास्तव में हमारे समाज के लिए प्रेरणादाई है। उन्होंने कहा कि आज के दिन हमें इस बात का संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिन लोगों ने अपनी आजादी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की कीमत पर देश को लोकतांत्रिक रास्ते पर बनाए रखा, उनका योगदान अतुल्यनीय है। लोकतंत्र सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेना चाहिए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages