बांदा, के एस दुबे । पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जनपद बांदा में आगामी 12 जुलाई को एक बड़ा इतिहास रचने की तैयारी है। इस दिन पूरे जिले में एक साथ व्यापक स्तर पर महाअभियान चलाकर 63.566 लाख (63 लाख 56 हजार) पौधों का रोपण किया जाएगा। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय वृक्षारोपण समिति की बैठक में इस अभियान को हर नागरिक का संकल्प बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पौधरोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारी भावी पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी और प्रकृति की सुरक्षा का महापर्व है।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की प्रेरणा से चल रहे एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर कम से कम पाँच पौधे जरूर लगाएं और सिर्फ लगाएं ही नहीं, बल्कि एक माँ की तरह उनके बड़े होने तक उनके संरक्षण और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी लें। अभियान को पारदर्शी और दीर्घकालिक रूप से सफल बनाने के लिए इस बार विशेष तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय इस प्रकार हैं लगाए जाने वाले हर एक पौधे की अनिवार्य रूप से जियो टैगिंग की जाएगी, जिससे उनकी लोकेशन और स्थिति पर नजर रखी जा सके। चिन्हित स्थलों पर घने और समृद्ध श्हरितिमा वनश् विकसित किए जाएंगे। विविध प्रजातियों का चयनरू इस बार पर्यावरण के अनुकूल छायादार और फलदार पौधों के रोपण पर विशेष जोर रहेगा।
मजिस्ट्रेट संभालेंगे कमान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
इतने बड़े लक्ष्य को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए जिले को सेक्टर्स और जोन्स में बांटा जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे कार्यक्रम की सतत और प्रभावी निगरानी के लिए सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। सभी विभागों को उनके निर्धारित लक्ष्य सौंप दिए गए हैं और अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों व स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ‘पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। यदि बांदा का हर नागरिक एक पौधा लगाकर उसे बचाने का संकल्प ले ले, तो हमारा जनपद पूरे प्रदेश में हरियाली और समृद्धि की एक नई मिसाल पेश करेगा।’


No comments:
Post a Comment