मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 9 जुलाई को बांदा दौरा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, July 7, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 9 जुलाई को बांदा दौरा

जिलाधिकारी ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 9 जुलाई, 2026 को प्रस्तावित बांदा आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री के दौरे को सकुशल और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री जी का जनपद भ्रमण बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ सौंपे गए दायित्वों को समय सीमा के भीतर पूरा करें।


जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत की जाने वाली विभागवार उपलब्धियों, विकास कार्यों और प्रगति रिपोर्ट का अद्यतन विवरण निर्धारित प्रारूप पर तत्काल तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट पूरी तरह तथ्यपरक और त्रुटिरहित होनी चाहिए और संबंधित नोडल अधिकारियों द्वारा इसका सत्यापन भी अनिवार्य रूप से कराया जाए। मुख्यमंत्री के भ्रमण वाले सभी प्रस्तावित मार्गों की तत्काल मरम्मत कराएं, साफ-सफाई सुनिश्चित करें और आवश्यक संकेतक (साइन बोर्ड) लगाएं। भ्रमण स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सैनिटेशन (साफ-सफाई) के पुख्ता इंतजाम हों। कार्यक्रम स्थलों पर डॉक्टरों की विशेष टीम, जीवन रक्षक दवाएं और एम्बुलेंस की तैनाती चौबीसों घंटे सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग और रूट डायवर्जन की फुलप्रूफ कार्ययोजना बनाकर उसे धरातल पर लागू किया जाए। दौरे के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही वीआईपी स्थलों पर बैकअप के लिए जनरेटर और वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखी जाए।

कृषि, उद्यान, पशुपालन, ग्रामीण विकास, शिक्षा, समाज कल्याण और उद्योग समेत सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रदर्शनी और प्रस्तुतीकरण की तैयारियां समय से पूरी करें। मुख्यमंत्री का जनपद आगमन बांदा के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपनी तैयारियां पूरी करें। कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई मिलने पर सीधे तौर पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित इस महाबैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर यादव, अपर जिलाधिकारी मदन मोहन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages