दोहरे हत्याकांड के आरोपी का मकान पुलिस ने किया कुर्की - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 12, 2026

दोहरे हत्याकांड के आरोपी का मकान पुलिस ने किया कुर्की

बबेरू /बांदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे के तिन्दवारी रोड स्थित दोहरे हत्याकांड के आरोपी के मकान की शुक्रवार को पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। आरोपी ने संपत्ति बंटवारे को लेकर पिछले 10 मई को अपनी मां और छोटे भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के दो माह बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। मिली जानकारी के अनुसार, तिन्दवारी रोड निवासी राजकिशोर मिश्रा (पुत्र जगदीश मिश्रा) ने संपत्ति विवाद के चलते 10 मई को अपने छोटे भाई देवीदीन मिश्रा और मां शांति देवी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस तब से ही उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। फरार आरोपी पर दबाव बनाने के लिए पुलिस व प्रशासनिक


अधिकारियों ने 11 जून को उसके मकान पर नोटिस चस्पा किया था। इसमें उसे जल्द से जल्द न्यायालय में हाजिर होने की चेतावनी दी गई थी। चेतावनी दी गई थी कि यदि उसने समर्पण नहीं किया, तो उसके मकान की कुर्की की जाएगी। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब आरोपी ने न तो कोतवाली में सरेंडर किया और न ही अदालत में पेश हुआ, तो प्रशासन ने सख्त कदम उठाया, शुक्रवार की दोपहर बबेरू पुलिस बल ने आरोपी के घर पर डेरा डाल दिया और कुर्की की कार्रवाई पूरी की। इस दौरान मकान के अंदर रखा सारा सामान कुर्क कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक  संजय कुमार द्विवेदी, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार शर्मा, उप निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह, उप निरीक्षक रामेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। क्षेत्र में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages