गल्ला मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल: 6.50 लाख रुपये व चांदी के सिक्कों की चोरी का खुलासा न होने पर व्यापारियों का प्रदर्शन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 12, 2026

गल्ला मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल: 6.50 लाख रुपये व चांदी के सिक्कों की चोरी का खुलासा न होने पर व्यापारियों का प्रदर्शन

बांदा, के एस दुबे । गल्ला मंडी में हुई लाखों रुपये की चोरी का आठ दिन बाद भी खुलासा न होने से नाराज व्यापारियों ने शनिवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। बांदा उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंडी परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना है कि करीब आठ दिन पहले गल्ला मंडी स्थित एक प्रतिष्ठान से 6 लाख 50 हजार रुपये नकद और चांदी के सिक्कों की चोरी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने जल्द खुलासे का भरोसा दिया था और व्यापारियों ने भी कार्रवाई के लिए समय-सीमा तय करते हुए अल्टीमेटम दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी


मामले का खुलासा नहीं हो सका। इसी के विरोध में व्यापारियों ने मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान करते हुए धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आसपास की मंडियों को भी बंद कराया जाएगा तथा आमरण अनशन जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में पुलिस विफल साबित हो रही है। धरने की सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट और मंडी सचिव मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने चोरी का शीघ्र खुलासा कराने तथा मंडी की अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद व्यापारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और हड़ताल जारी है।





No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages