बबेरू /बाँदा, के एस दुबे । कमासिन थाना क्षेत्र के कुमेढ़ा सानी गांव में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सोते समय 24 वर्षीय युवक को जहरीले सांप ने डस लिया। समय पर अस्पताल न ले जाकर झाड़-फूंक के चक्कर में परिजनों द्वारा की गई देरी के कारण युवक की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार, कुमेढ़ा सानी गांव निवासी संदीप कुमार पुत्र मैकू प्रजापति, उम्र करीब 24 वर्ष मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे अपने घर में सो रहा था, तभी उसके हाथ में किसी जहरीले सांप ने काट लिया। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी हुई,
वे उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ गए। हालत बिगड़ने पर जब उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कमासिन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसका मंगलवार की दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है । मृतक संदीप कुमार दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। इस अचानक हुए हादसे से मां मुन्नी देवी, बहन रंजना और भाई अभिषेक कुमार समेत पूरे परिवार जनो का रो-रोकर बुरा हाल है। इस असामयिक मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।


No comments:
Post a Comment