प्रत्येक वार्ड में कर्मचारी चलायेंगे जागरूकता अभियान
फतेहपुर, शमशाद खान । संक्रामक बीमारियों से आमजन को बचाये जाने की खातिर शासन के निर्देशन में 1 मार्च से 31 मार्च तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को सफल बनाये जाने के लिए नगर पालिका परिषद ने कमर कस ली है। शनिवार को अधिशाषी अधिकारी की अध्यक्षता में पालिका कर्मियों की एक बैठक आयोजित हुयी। जिसमें अभियान को सफल बनाये जाने की जहां रणनीति बनाई गयी वहीं प्रत्येक वार्ड में कर्मचारियों की नियुक्ति करके जागरूकता अभियान चलाये जाने पर जोर दिया गया।
![]() |
| पालिका कर्मियों की बैठक लेतीं ईओ मीरा सिंह। |
नगर पालिका परिषद में अधिशाषी अधिकारी मीरा सिंह की अध्यक्षता में पालिका कर्मियों की एक बैठक आयोजित हुयी। बैठक को सम्बोधित करते हुए ईओ ने कहा कि निकाय क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी 34 वार्डों में फागिंग, एन्टी लार्वा केमिकल का नालियों में छिड़काव एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई करायी जाये। मलिन बस्तियों में खुले में शौच न करने, मच्छर जनित परिस्थितियों की रोकथाम एवं वातावरणीय एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के उपायों के प्रति जनमानस को जागरूक किया जाये। उन्होने कहा कि इस कार्य में स्वच्छ भारत मिशन के डिस्ट्रिक कोआर्डिनेटर एवं क्षेत्रीय सफाई नायक मलिन बस्तियों में जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध वर्ग का सहयोग लेकर संचारी रोगों से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलायेंगे। ईओ ने कहा कि निकाय क्षेत्र में नालियों एवं सड़कों की नियमित साफ-सफाई कराकर कचरे के समुचित निस्तारण की व्यवस्था की जाये। जल एकत्रित न होने दिया जाये। नालियों के किनारे उगी वनस्पतियों को हटाया जाये। उथले हैण्डपम्पों का प्रयोग रोकने के लिए उन्हें लाल रंग से चिन्हित किया जाये एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु हैण्डपम्प की रिबोरिंग एवं पेयजल की गुणवत्ता के अनुश्रवण के लिए बैक्टीरियोलाजिकल, वायरोलाजिकल जांच की जाये इसके साथ ही खुली नालियों को ढकने का इंतजाम भी किया जाये। उन्होने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को सफल बनाने में पालिका कर्मी कोई कोर कसर न छोड़ें। इस कार्य में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक में पालिका स्टाफ मौजूद रहा।


No comments:
Post a Comment