कानपुर में वैक्सीन की किल्लत: जनता का कहना, टीका है नहीं, टीकोत्सव क्या मनाएंगे - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, April 10, 2021

कानपुर में वैक्सीन की किल्लत: जनता का कहना, टीका है नहीं, टीकोत्सव क्या मनाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाने की घोषणा कर दी है। इन तैयारियों के बीच शहर में हफ्तेभर से कोविड-19 वैक्सीन की कमी से टीकाकरण की व्यवस्था धड़ाम हो गई है। वैक्सीन की कमी के कारण शुक्रवार को भी उर्सला, जागेश्वर और कृष्णानगर अस्पताल समेत 10 टीकाकरण केंद्रों पर हंगामा हुआ।
कानपुर कार्यालय संवाददाता गौरव शुक्ला:- इन केंद्रों पर आठ हजार से अधिक लोग सुबह से ही टीका लगवाने के लिए पहुंच गए। इनमें से महज 2367 लोगों का ही टीकाकरण हो सका। निजी क्षेत्र के टीकाकरण केंद्रों पर भी दो सप्ताह से अधिक समय से वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण ठप है। इसके चलते सरकारी केंद्रों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है। इन हालात में टीका उत्सव कैसे मनेगा, इसे लेकर अधिकारी भी पशोपेश में हैं।

वैक्सीन की कमी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को सिर्फ 10 कोविड वैक्सीनेशन सेंटरों (सीवीसी) के 18 बूथों पर 2340 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा था। हालांकि इस लक्ष्य के सापेक्ष 2367 लोगों को टीके लगाए गए, जो 101 प्रतिशत है।

इनमें से 674 को दूसरी डोज दी गई, जबकि अन्य सभी को पहली डोज लगी। शहर में इस महीने 2.52 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है, जिसके विपरीत लगभग 30 प्रतिशत टीकाकरण हो गया है। अब वैक्सीन की कमी से व्यवस्था पटरी से उतर रही है।

टीका नहीं लगा तो हंगामा कर मायूस लौटे
उर्सला में शुक्रवार सुबह से ही हंगामे की नौबत रही। यहां सुबह आठ बजे से पहले ही 300 से ज्यादा लोग टीका लगवाने पहुंचे। लाइन में लगने के बाद नौ बजे टीकाकरण शुरू होने पर पता चला कि इतने लोगों के लिए पर्याप्त डोज ही नहीं हैं। टीकाकरण में दूसरी डोज लगवाने वालों को प्राथमिकता देने के चलते तमाम लोग व्यवस्था को कोसते हुए निराश लौटे।

डफरिन में भी कम डोज पहुंची, जबकि जागेश्वर अस्पताल वैक्सीनेशन सेंटर में दो दिन से वैक्सीन ही नहीं पहुंच रही है। पहले से इसकी जानकारी न होने से लोगों की भीड़ उमड़ी। उर्सला के सीएमएस डॉ. अनिल निगम का कहना है कि अगर हर सेंटर पर लाभार्थी जाएं तो दिक्कत नहीं होगी।

पर्याप्त वैक्सीन न मिली तो होगी मुश्किल
अपर निदेशक ने बताया कि 10 अप्रैल को शहर समेत कानपुर मंडल के अन्य जिलों के लिए वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। वैक्सीन लखनऊ स्थित राज्य के स्टोर या आगरा के स्टोर से मिलेगी। वैक्सीन कितनी मात्रा में आएगी, यह शनिवार को ही पता चलेगा।

वैक्सीन आते ही शासन से मिलने वाले लक्ष्य के अनुरूप इन्हें मंडल के जिलों में भेज दिया जाएगा। फिलहाल, शहर में वैक्सीन का स्टॉक लगभग खत्म है। शनिवार को वैक्सीन नहीं मिली तो रविवार से टीकाकरण महोत्सव शुरू करना मुश्किल होगा। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसर भी स्थिति नहीं स्पष्ट कर पा रहे हैं। वे यही कह रहे हैं कि जितनी वैक्सीन मिलेगी, उसी हिसाब से टीकाकरण केंद्र बढ़ाए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages