जीवनरूपी आक्सीजन प्रदान करते हैं वृक्ष
फतेहपुर, मो. शमशाद । धरा को हरा-भरा बनाने व पर्यावरण संतुलन बनाये रखने की खातिर चलाये जा रहे वृक्षारोपण अभियान के तहत गुरूवार को युवा विकास समिति के अलावा लोकतंत्र सेनानियों ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट स्थित गांधी पार्क में पौधरोपण कर पौधों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभी ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। युवा विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा व लोकतंत्र सेनानी के जिलाध्यक्ष मूलचंद्र सिंह पटेल की संयुक्त अगुवाई में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और गांधी पार्क में पीपल, बरगद, इमली व आम के पौध रोपित किए। तत्पश्चात उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन में पौधों का विशेष महत्व है।
![]() |
| गांधी पार्क में पौध रोपित करते लोग। |
अंधाधुंध हो रही पेड़ों की कटाई से धरती का संतुलन बिगड़ गया है इसलिए समय पर बारिश नहीं होती। बेहताशा गर्मी बढ़ रही है। वृक्ष जहां हमें जीवनरूपी आक्सीजन प्रदान करते हैं वहीं तरह-तरह की औषधियां भी इन्हीं वृक्षों से प्राप्त होती है। यदि धरा पर वृक्ष नहीं होंगे तो जीवन मुश्किल हो जायेगा। इसलिए सभी लोग एक-एक पौध अवश्य लगायें और उसकी अपने बच्चों की तरह देखभाल करें। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री नवल किशोर, संजय दत्त द्विवेदी, आफताब, महेंद्र मिश्रा, श्याम बाबू, विजयपाल, रमेश प्रसाद, विमल सिंह, किशनपाल सिंह के अलावा दोनों संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment