प्रधानाध्यापक लाल सिंह को भावभीनी विदाई
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । कंपोजिट विद्यालय बैहार में शारदा संगोष्ठी व विद्यालय के वार्षिकोत्सव ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा के महत्व और विकास को लेकर एक नया उत्साह पैदा किया। इस विशेष मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाल सिंह को सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गई, साथ ही विद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शशांक शेखर शुक्ला, विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी अतुल दत्त तिवारी और पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार पांडेय थे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई, जिसके बाद शिक्षा के महत्व पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि शशांक शेखर शुक्ला ने कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद एक दिन सेवानिवृत्त होना ही होता ह। लेकिन कुछ लोग अपनी कड़ी मेहनत और लगन के कारण हमेशा याद किए जाते हैं। लाल सिंह कर्मठ शिक्षक रहे हैं, जिन्होंने अपनी कार्यकुशलता के जरिए विद्यालय और यहां के बच्चों के सर्वांगीण
![]() |
लाल सिंह की विदाई देते शिक्षकगण |
विकास में अहम भूमिका निभाई। खंड शिक्षा अधिकारी अतुल दत्त तिवारी ने कहा कि किसी भी कार्य को सफलता से संपन्न करने में टीम भावना का बड़ा योगदान होता है। लाल सिंह ने इस विद्यालय के विकास में सभी शिक्षकों को साथ लेकर कार्य किया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ ने प्रधानाध्यापक लाल सिंह को सेवानिवृत्त होने पर ससम्मान विदाई दी। फूल मालाओं से उनका स्वागत किया गया और उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई समारोह में कवि शिवपूजन यादव सुमन ने भावपूर्ण विदाई गीत प्रस्तुत किया, जो सभी के दिलों को छू गया। जिला अध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने कहा कि हम सभी को अपने कर्तव्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि जो व्यक्ति अपनी मेहनत से कार्य करता है, वही सम्मान प्राप्त करता है। इस मौके पर ग्राम प्रधान फुलमतिया देवी, संयोजक बृज गोपाल मिश्रा, व्यवस्थापक गोविंद सिंह सेंगर, सभासद शंकर यादव, पत्रकार बीपी सिंह पटेल, कानूनगो लवलेश सिंह पटेल, दयाशंकर सिंह और विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा अभिभावक मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment