ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो, डीजे पर बजाएं भजन संगीत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 28, 2025

ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो, डीजे पर बजाएं भजन संगीत

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक

त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, बिजली और पेयजल आपूर्ति, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखें

बांदा, के एस दुबे । कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को मोहर्रम और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ताजिया की ऊंचाई अधिक न हो। इसके साथ ही डीजे पर भजन संगीत ही बजाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान बिजली, पानी, सफाई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखे जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन के लिए पूर्व से ही पुख्ता तैयारी सुनिश्चित की जाए। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो, और डीजे पर केवल धार्मिक भजन/संगीत का ही प्रयोग किया जाए। अधिकारीगण अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित

शांति समिति की बैठक में मौजूद डीएम और एसपी व अन्य अधिकारी।

करें। विभिन्न समुदायों के बीच समन्वय एवं संवाद बनाए रखने हेतु अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएं। पीडब्लूडी विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। जल संस्थान पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करे। नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि सभी खराब स्ट्रीट लाइट्स को बदला जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि पर्याप्त जगहों पर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक पलाश बसंल ने कहा कि जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। कोई भी कार्य गैर-पारंपरिक या विवादित तरीके से न किया जाए। आयोजकों को चेताया गया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी। नशे की स्थिति में कोई भी व्यक्ति किसी धार्मिक आयोजन में शामिल न हों। समस्याओं का समाधान प्रशासनिक मंचों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा। जिले के बाहर के डीजे की अनुमति नहीं होगी, सभी बॉर्डर पर बैरियर लगाए जाएंगे। कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित मांस/मछली की दुकानों को ढककर एवं पंजीकृत व्यापारियों तक सीमित रखा जाएगा। खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध रहेगा।शांति समिति के सदस्यों के सुझाव दिए, जिस पर प्रशासन द्वारा गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, और सभी उपस्थितजनों ने जनपद में शांति एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages