यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन पकड़ा गया मुन्ना भाई - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, February 18, 2026

यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन पकड़ा गया मुन्ना भाई

दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा था छात्र

कड़ी निगरानी के बीच यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू 

फतेहपुर,  मो शमशाद । माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की परीक्षा जनपद के तीनों तहसीलों के सभी 117 केंद्रों पर शुरू हुई। प्रथम पाली हाईस्कूल सुबह 8.30 से 11.45 में प्रारंभिक हिंदी व इंटरमीडियट में दोपहर दो बजे से 5.15 तक सामान्य हिंदी का प्रश्न पत्र की परीक्षा आयोजित की गई। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट मिलाकर जनपद में कुल 66439 परीक्षार्थी पंजीकृत है। सुरक्षा एवं व्यवस्था की दृष्टि से परीक्षा केंद्रों को 03 जोन व 15 सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षा के पहले दिन छात्रों को केंद्रों को लेकर थोड़ा उहापोह रहा। छात्र छात्राएं अपने अपने परीक्षा केंद्रों को खुलने से पहले ही पहुंच गए। जहां आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्र छात्राओं को तलाशी व प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र देखने के बाद केंद्रों मे प्रवेश दिया गया। केंद्रों में परिक्षार्थियों की सुविधाओं को देखते हुए नोटिस बोर्ड

परीक्षा केन्द्र के बाहर छात्राओं की तलाशी लेतीं शिक्षिकाएं। 

पर रोल नम्बर वाइज कक्षों की संख्या चस्पा की गई थी एवं कक्षों में सीटों में रोल नंबर अंकित कर सीटों को एलाट किया गया था। चाक चैबंद सीटिंग प्लान के बीच दोनों पालियों की परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई। परीक्षार्थियों की निगरानी के लिए केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। केंद्रों के अंदर विद्यालय के आंतरिक सुरक्षा घेरा में तलाशी के बाद छात्र छात्राओं को प्रवेश दिया गया। जबकि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों पर आंतरिक सचल दस्तों द्वारा नियमित निगरानी की गई। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों द्वारा भी भ्रमण किया जाता रहा। यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार परीक्षा की शुचिता को देखते हुए कॉपियों पर यूनिक नम्बर अंकित किया गया है। साथ ही परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका के सभी पृष्ठों पर अनुक्रमांक अंकित करने का निर्देश भी दिया गया है। जनपद के केंद्रों में हाईस्कूल के 36701 एवं इंटरमीडिएट के 29738 परीक्षार्थी इस वर्ष परीक्षा में बैठ रहे है। परीक्षा केंद्रों में 13 राजकीय 52 सहायता प्राप्त एवं 52 वित्तविहीन विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के लिये इस बार सरकार ने परीक्षा केंद्रों में केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की व्यवस्था की थी। परीक्षा के दौरान एसडीएम, डीआईओएस एवं बीएसए द्वारा भी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। बोर्ड परीक्षा की शुचिता को बनाये रखने के लिये यूपी बोर्ड द्वारा सीसीटीवी एव ऑडियो रिकार्डिंग कैमरों से लैस विद्यालयों को ही केंद्र बनाया गया है जबकि परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर एक दरोगा, दो हेड कांस्टेबल, महिला कंस्टेबल एव होमगाड्र्स तैनात किए गये है। बोर्ड परीक्षा में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिये शिक्षा विभाग द्वारा अलग से निगरानी व्यवस्था की गई है। बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी में लगे शिक्षकों को भी कक्ष में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं दी गयी थी।

मुन्ना भाई पुलिस हिरासत में 

यूपी बोर्ड की परीक्षा को नकलविहीन सम्पन्न कराने के लिये मुस्तैद शिक्षा विभाग को बड़ी कामयाबी मिली। पहले ही दिन राधानगर स्थित रामा अग्रहरि इंटर कालेज में इंटरमीडियट की परीक्षा देते हुए मुन्ना भाई गिरफ्तार किया गया है। आरोपी छात्र दूसरे परीक्षार्थी की जगह हिंदी विषय की परीक्षा दे रहा था। उड़न दस्ते के द्वारा प्रवेश पत्र में फोटो मिलान के समय आरोपी की फोटो मैच नहीं हुई जिससे छात्र से पूछताछ शुरू की गयी और फर्जी छात्र के परीक्षा देने खुलासा हुआ। दोपहर दो बजे से शुरू हुई परीक्षा में फर्जी छात्र चेकिंग दस्ते को चकमा देकर परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में सफल हुआ था। लगभग दो घंटे के बाद उड़न दस्ते की चेकिंग में फोटो मिलान में पकड़ा गया। आरोपी को पकड़ कर कार्रवाई के लिये पुलिस को सौंप दिया गया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages