स्वच्छता, फुटपाथ व रोशनी पर जोर
बैठक में निकायों को कड़े निर्देश’
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले में शहरी विकास और स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नगर पालिका परिषद कर्वी, नगर पंचायत राजापुर और मानिकपुर द्वारा टाइड व अनटाइड मदों के तहत करोड़ों रुपये के विकास प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। कर्वी नगर पालिका ने लगभग 456.60 लाख रुपये टाइड मद और 499.96 लाख रुपये अनटाइड मद में योजनाएं प्रस्तावित कीं, जबकि राजापुर और मानिकपुर निकायों ने भी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए अपने-अपने बजट प्रस्ताव रखे। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहरी विकास का केंद्र बिंदु पेयजल, स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन होना चाहिए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए मोबाइल टैंकर, क्लोरीनेशन डोजर और पाइपलाइन विस्तार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं कूड़ा प्रबंधन को आधुनिक बनाने के लिए टाटा एसीई ईवी हॉपर,
![]() |
| खोह में कैंडिल मार्च के साथ अभियान के समापन में मौजूद टीम |
रिफ्यूज कॉम्पेक्टर, जेटिंग मशीन और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग पर जोर दिया गया। निर्देश दिया कि घरों से कूड़ा केवल काली पन्नियों में ही एकत्र किया जाए ताकि डंपिंग प्वाइंट पर गंदगी न फैले और शहर की छवि बेहतर बने। निर्माण कार्यों के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प, इंटरलॉकिंग सड़कों और नालियों के निर्माण के साथ पटेल तिराहा से धनुष चौराहा तक फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट लगाने को प्राथमिकता दी गई। जिलाधिकारी ने निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए सभी नागरिकों और संस्थानों से अनिवार्य यूजर फीस वसूलने, विज्ञापन स्थलों को चिन्हित कर दो वर्षीय टेंडर प्रक्रिया पूरी करने तथा प्रत्येक दो वर्ष में 10 प्रतिशत शुल्क वृद्धि लागू करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था पर सख्ती दिखाते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस और जैकेट में ही कार्य करेंगे, अन्यथा एक दिन का वेतन रोका जाएगा। साथ ही बैंकों के सहयोग से ड्रेस पर लोगो लगाकर अतिरिक्त राजस्व जुटाने का सुझाव भी दिया गया।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment