परिक्रमा मार्ग पर सफाई अभियान
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। जिले की पावन धरा पर 29 मार्च को स्वच्छता का ऐसा शंखनाद हुआ, जिसने स्वच्छ चित्रकूट-सुंदर चित्रकूट के संकल्प को नई धार दे दी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत कामदगिरि स्वच्छता समिति और नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम के संयुक्त प्रयासों से कामतानाथ परिक्रमा मार्ग स्थित तुलसी चौरा मंदिर के समीप भव्य विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता के निर्देशन में यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनचेतना का महाअभियान बन गया। परिक्रमा मार्ग के कोने-कोने में झाड़ू की लय गूंजी, कचरे का समुचित निस्तारण हुआ और श्रद्धालुओं को स्वच्छता का मंत्र दिया गया। समिति अध्यक्ष राकेश केशरवानी ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता किसी एक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर
नागरिक का धर्म है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन (नगरी) के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवा कुमार ने पॉलिथीन त्यागने, कचरे को पृथक करने और डस्टबिन के उपयोग की अपील कर जनभागीदारी को मजबूती देने का संदेश दिया। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया कि गंदगी फैलाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। अभियान में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने एक स्वर में संकल्प लिया- अब चित्रकूट केवल तीर्थ नहीं, स्वच्छता का आदर्श बनेगा।


No comments:
Post a Comment