जिले की सड़कों पर विकास की दस्तक, करोड़ों की परियोजनाओं को मिली हरी झंडी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, March 28, 2026

जिले की सड़कों पर विकास की दस्तक, करोड़ों की परियोजनाओं को मिली हरी झंडी

पटेल तिराहा से सीतापुर तक बदलेगा चेहरा 0 899 लाख रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले की धरती पर विकास की नई इबारत लिखे जाने की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के अनुसार, चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने जनपद में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। पहली परियोजना के अंतर्गत चित्रकूट धाम में पटेल तिराहा से धनुष चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और पैदल यात्रियों के लिए आधुनिक अवसंरचना विकसित की जाएगी, जिसकी कुल लागत 1298 लाख रुपये स्वीकृत हुई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 649 लाख रुपये जारी किए गए हैं। वहीं दूसरी परियोजना में बेड़ी पुलिया चौराहे से सीतापुर चौराहे तक डिवाइडर पर लैंडस्केपिंग कार्य किया जाएगा, जिसकी स्वीकृत लागत 500.14 लाख रुपये है और प्रथम किश्त के रूप में 250.07 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं। दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 899.07 लाख रुपये की धनराशि

पटेल तिराहा से धनुष चौराहे तक का भावी प्लान

चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में व्यय की जाएगी। यह धनराशि सीड कैपिटल के रूप में ब्याज मुक्त होगी, जिसे प्राधिकरण द्वारा आगामी 10 वर्षों में समान किश्तों में वापस किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में भुगतान न होने की स्थिति में 3.5 प्रतिशत का दंडात्मक ब्याज भी देय होगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य प्रारंभ करने से पूर्व तकनीकी स्वीकृति, पर्यावरणीय अनुमति और वित्तीय नियमों का पूर्ण पालन अनिवार्य होगा। साथ ही गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्राधिकरण की होगी। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद चित्रकूट न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार देखेगा, बल्कि शहर की सुंदरता और आधारभूत सुविधाओं में भी उल्लेखनीय परिवर्तन नजर आएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages