एक-दूसरे को गले लगाकर दी ईद की मुबारकबाद
वनांगना ने आयोजित किया ईद-होली मिलन समारोह
नरैनी /बांदा, के एस दुबे । वनांगना व सहयोग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे हैं ‘तरंग-मेरे सपने मेरी उड़ान’ कार्यक्रम के तहत होली-ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदू और मुस्लिम युवक युवातियों ने मिलकर उत्साह और आपसी प्रेम के साथ भाग लेते हुए सामाजिक एकता और सौहार्द की सुंदर मिसाल पेश की। नरैनी ब्लॉक के ग्राम जमवारा स्थित पंचायत भवन सभागार में बृहस्पतिवार को युवक युवातियों ने पारंपरिक रंगों की बजाय फूलों से होली खेली, जिससे पूरा वातावरण रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू से महक उठा। इसके साथ ही सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे, प्रेम व सद्भाव का संदेश दिया। गीत, कविताओं और संवाद के माध्यम से साझा संस्कृति और एकता की भावना को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। होली व ईद के गीतों पर डांस भी हुआ।
वानंगाना डारेक्टर पुष्पा शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें जोड़ने का काम करते हैं और हमें आपसी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे के करीब लाते हैं। वरिष्ठ संदर्भदाता समूह शबीना मुमताज़ ने कहा कि होली और ईद जैसे पर्व आपसी प्रेम, सम्मान और एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने लड़कियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जब समाज के सभी वर्ग मिलकर आगे बढ़ते हैं तभी वास्तविक विकास संभव होता है। कार्यक्रम का संचालन शोभा देवी ने किया। आभार फरजाना ने किया फरहा, रानी, कल्पना, श्याम कली, माया, कल्पना,शाजिया सहित अन्य लीडर्स ने व्यवस्थाएं संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को होली और ईद की शुभकामनाएं दीं तथा सामाजिक सौहार्द, एकता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन गांव में हिंदू-मुस्लिम एकता की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत करते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दे गया।


No comments:
Post a Comment