श्री जी इंटरनेशनल स्कूल का कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । श्री जी इंटरनेशनल स्कूल ने सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के 18 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय की छात्रा वंशिका सिंह ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। इसके अतिरिक्त विवेक सिंह एवं अन्वेषा सिंह ने 96.2 प्रतिशत, शौर्य गुप्ता ने 95.8 प्रतिशत, अंकुर सिंह एवं अल्विया इदरीश ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में गुरुवार को विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जिला टॉपर वंशिका सिंह सहित सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरक
संबोधन में उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की प्रसिद्ध पंक्ति उद्धृत करते हुए कहा-- सपने वे नहीं होते जो हम सोते समय देखते हैं, सपने वे होते हैं जो हमें सोने न दें। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम बताया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सुरेंद्र अग्रवाल, प्रबंध समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, निदेशक स्वप्निल अग्रवाल, प्रधानाचार्या सौवारी मुखर्जी, शिक्षकगण तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment