पांच दिन में लम्बित जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र किये जाए निर्गत
बांदा, के एस दुबे । जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में की जा रही लापरवाही और चित्रकूटधाम मंडल के शिकायत कर्ताओं के द्वारा लगातार शिकायत दर्ज कराने के बाद आज आयुक्त अजीत कुमार ने नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों को पत्रावली के साथ आयुक्त कार्यालय में तलब किया और जन्म मृत्यु प्रमाण पत्रों में लापरवाही न करके पांच दिन में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिये। पत्रावलियों के निरीक्षण के दौरान लगभग 150 आवेदन जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित पाए गए, जिस पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र समय से उपलब्ध न होने के कारण बच्चों के विद्यालयों में प्रवेश में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है और इसे किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
शिकायतकर्ताओं द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि कई मामलों में बिना ठोस कारण के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निरस्त किए जा रहे हैं। इस पर आयुक्त ने निर्देशित किया कि किसी भी प्रमाण पत्र को निरस्त किए जाने की स्थिति में स्पष्ट एवं युक्तिसंगत कारण का अभिलेखीकरण अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही यह भी पाया गया कि संबंधित अधिकारी द्वारा नगर पालिका परिषद से प्रेषित सूची को समय से प्राप्त नहीं किया जा रहा है, जिससे प्रमाण पत्रों का निस्तारण प्रभावित हो रहा है। आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर लंबित प्रकरणों का निस्तारण नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।


No comments:
Post a Comment