बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश से पत्रकारों में रोष - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, April 17, 2026

बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश से पत्रकारों में रोष

बांदा प्रेस ट्रस्ट ने जताया कड़ा विरोध, प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रहार बर्दाश्त नहीं

मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन, बेसिक शिक्षा अधिकारी को पुनः ट्रेनिंग में भेजने का दिया सुझाव

बांदा, के एस दुबे । बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी ने 16/04/2026 दिन गुरुवार को एक पत्र जारी किया जिसका पत्रांक संख्या 667/75 है। पत्र जारी करते हुए जनपद के समस्त प्रधानाध्यापकों,  इंचार्ज प्रधानाध्यापकों एवं स्टाफ को आगाह करते हुए चेतावनी दी है कि विद्यालय या विद्यालय परिसर में किसी भी पत्रकार को तब तक घुसने ना दिया जाय जब तक वह पत्रकार सूचना विभाग द्वारा जारी परिचय पत्र ना दिखा दे। यदि निर्देश का पालन नहीं हुआ तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का यह तुगलकी फरमान जैसे ही सोशल मीडिया और समाचार समूहों में वायरल हुआ पत्रकारों का गुस्सा और आक्रोश बढ़ने लगा। बांदा प्रेस ट्रस्ट हमेशा से पत्रकारों के हक और अधिकारों की मांग करता आया है।


बांदा प्रेस ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के इस फरमान को तुगलकी फरमान करार दिया है तथा इस मुद्दे को प्रेस की स्वतंत्रता पर  प्रहार मानते हुए आक्रोश व्यक्त किया है। बांदा प्रेस ट्रस्ट के लगभग दो दर्जन पदाधिकारियों ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन देते हुए न्यायोचित कार्यवाही की मांग की है। पत्रकारों ने मंडलायुक्त से मांग की है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाते हुए सूचना विभाग की भूमिका को गलत तरीके से प्रस्तुत कर भ्रम फैलाया गया है। संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। संबंधित अधिकारी को भारतीय संविधान की एक प्रति भेंट करते हुए संवैधानिक प्रावधानों से अवगत करवाया जाय। संबंधित अधिकारी को पुनः प्रशिक्षण हेतु भेजा जाय जिससे भविष्य में इस प्रकार की त्रुटि ना हो। बांदा प्रेस ट्रस्ट ने कहा कि संस्थान द्वारा जारी अधिकार पत्र ही किसी भी पत्रकार का परिचय पत्र है।  बांदा प्रेस ट्रस्ट के संगठन प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार ने कह कि पत्रकार के l लिए सबसे बड़ा हथियार कलम है। जो न रुकनी चाहिए, न झुकनी चाहिए, न अटकनी चाहिए और न ही भटकनी चाहिए। सच्ची पत्रकारिता वही है जहाँ कलम सत्ता से नहीं, सत्य से संचालित होती है। जब कलम निर्भीक रहती है तभी लोकतंत्र मजबूत रहता है।  प्रेस की स्वतंत्रता को बचाने हेतु दिए गए ज्ञापन कार्यक्रम में संगठन के ट्रस्टी अनिल तिवारी, एन. के. मिश्रा, जिलाध्यक्ष रमाकांत तिवारी, महासचिव अंशू गुप्ता, रोहित सिंह,  ललित विश्वकर्मा, अविनाश चंद्र दीक्षित, सुशील मिश्रा, दिलीप जैन, गुड्डन खान के साथ संगठन प्रमुख अनिल सिंह गौतम उपस्थित रहे।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages