सीसीटीवी, स्ट्रांग रूम, पेयजल व सुरक्षा व्यवस्थाओं को देख दिए आवश्यक निर्देश
फतेहपुर, मो शमशाद । लेखपाल मुख्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचकर स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
![]() |
| परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करतीं डीएम व साथ में एसपी। |
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जा रहा है। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुनील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment