बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और जनता को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत बुंदेलखंड के बांदा जिले को एक और बड़ी सौगात मिली है। बबेरू कस्बे के सबसे व्यस्त चौराहे पर चौड़ीकरण, स्लिप रोड और रोटरी निर्माण का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। जिससे स्थानीय निवासियों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। इस कार्य के लिए योगी सरकार में 4.91 करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट मंजूर किया है। योगी सरकार की इस बड़ी सौगात से बबेरू चौराहे का न सिर्फ कायाकल्प होगा बल्कि यह आधुनिक रोड सेफ्टी के मानकों से भी लैस होगा।
युद्धस्तर पर जारी है काम, 32 फीसदी पूरा
योगी सरकार की समय से कार्य पूरा होने की कार्यशैली का उदाहरण पेश करते हुए लोक निर्माण विभाग की देखरेख में इस प्रोजेक्ट पर बेहद तेजी से काम चल रहा है। 18 फरवरी 2026 से शुरू हुआ यह निर्माण कार्य महज़ कुछ ही महीनों में 32 प्रतिशत तक सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। जिसके क्रम में पीडब्ल्यूडी विभाग दिन-रात काम करके इस आधुनिक स्लिप रोड और रोटरी को आकार देने में जुटा है।
17 फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के तहत इस पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने की समय सीमा तय कर दी गई है। पीडब्ल्यूडी विभाग को हर हाल में 17 फरवरी 2027 तक काम मुकम्मल करने का लक्ष्य दिया गया है। इस परियोजना के पूरा होते ही बबेरू चौराहे पर वाहनों की रफ्तार सुगम होगी और बांदा वासियों का सफर सुरक्षित और समय की बचत करने वाला साबित होगा। वहीं जाम से झाम से भी लोगों को मुक्ति मिलेगी। स्थानीय जनता ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।


No comments:
Post a Comment