चार बार की विधायक कृष्णा पासवान बनीं राज्यमंत्री - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, May 10, 2026

चार बार की विधायक कृष्णा पासवान बनीं राज्यमंत्री

खागा से लेकर लखनऊ तक जश्न का माहौल

फतेहपुर, मो शमशाद । खागा विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक रहीं कृष्णा पासवान ने रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके मंत्री बनने की घोषणा के साथ ही जनपद में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। खागा विधानसभा क्षेत्र से लेकर जिला मुख्यालय तक जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले ही विधायक कृष्णा पासवान के आवास पर कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों का जुटना शुरू हो गया था। रविवार को जैसे ही उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली, वैसे ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक लखनऊ पहुंचकर उनके सरकारी आवास एवं कार्यालय में मुलाकात कर शुभकामनाएं देते रहे। खागा

शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल व सीएम के साथ खड़ी राज्यमंत्री कृष्णा पासवान।

विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाली कृष्णा पासवान दलित समाज का बड़ा चेहरा मानी जाती हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में संघर्ष के बल पर अलग पहचान बनाई है। राजनीति में आने से पहले वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के रूप में कार्य कर चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर लगातार काम किया। जनता के बीच मजबूत पकड़ और सक्रियता के चलते वह लगातार चार बार खागा विधानसभा से विधायक चुनी गईं। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अब तक जनपद से किसी भी विधायक को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला था। ऐसे में अंतिम कैबिनेट विस्तार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कृष्णा पासवान को राज्यमंत्री बनाए जाने को जिले के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे जिले को सरकार में मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। राजनीतिक गलियारों में इससे पहले भी कई बार कृष्णा पासवान के मंत्री बनने की चर्चाएं तेज हुई थीं, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से उनका नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो सका। इस बार उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिलने के बाद समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दलित समाज को बड़ा संदेश देने का प्रयास किया है। कृष्णा पासवान को मंत्री बनाकर पार्टी ने खागा समेत पूरे जिले में सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को साधने की कोशिश की है। माना जा रहा है कि इसका लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिल सकता है। शपथ ग्रहण के बाद जिलेभर से भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने कृष्णा पासवान को बधाई देते हुए उनके उज्जवल कार्यकाल की कामना की।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages