साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन का मनाया छठवां स्थापना दिवस - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, May 18, 2026

साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन का मनाया छठवां स्थापना दिवस

राष्ट्रकवि पं0 सोहनलाल द्विवेदी की पौत्री सहित कई गणमान्य रहे उपस्थित

फतेहपुर, मो शमशाद । बिंदकी तहसील क्षेत्र के खजुहा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सिजौली के मजरे गोधइया स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर परिसर में रविवार को साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) का छठवां स्थापना दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, साहित्य, समाजसेवा एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में पत्रकारिता के दायित्व, समाज के प्रति मीडिया की भूमिका तथा जनपद के महानायकों के योगदान को विशेष रूप से याद किया गया।

स्थापना दिवस समारोह में भाग लेते पत्रकार।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार वसीम अख्तर ने की, जबकि संचालन संगठन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने किया। कार्यक्रम का संयोजन बिंदकी तहसील अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ सर्वेश सिंह द्वारा किया गया। गौरतलब है कि सिजौली की धरती राष्ट्रकवि पंडित सोहनलाल द्विवेदी की जन्मस्थली रही है। ऐसे ऐतिहासिक महत्व वाले स्थान पर स्थापना दिवस आयोजित कर आयोजकों ने जनपद के गौरवशाली इतिहास और महान विभूतियों को याद करने का प्रयास किया। आयोजन के दौरान राष्ट्रकवि पंडित सोहनलाल द्विवेदी, अमर शहीद जोधा सिंह अटैया एवं बावनी इमली के 52 शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन एवं अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कवयित्री आकांक्षा द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार और साहित्यकार समाज का दर्पण होते हैं तथा उन्हें सत्य और वास्तविकता को समाज के सामने लाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए महिला सशक्तिकरण पर आधारित अपनी रचनाओं का पाठ भी किया। कार्यक्रम में लेखक विजय नारायण ने अपनी पुस्तक दरख्त-द मेमोरीज ऑफ फ्रीडम फाइटर्स” के माध्यम से बावनी इमली के शहीदों के संघर्ष की चर्चा की। वहीं ठाकुर विजय सिंह चैहान ने अमर शहीद जोधा सिंह अटैया के बलिदान को याद किया। समाजसेवी मोना ओमर ने पत्रकारों से शोषित और वंचित वर्ग की आवाज बनने का आह्वान किया। उर्दू प्रवक्ता फजलुर रहमान ने साहित्य और पत्रकारिता की सामाजिक भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान संगठन की संस्थापिका पुष्पा पांडेया का वीडियो संदेश भी सुनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी, जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह, शिवकुमार मौर्य, जर्रेयाब खान, जावेद खान, आदिल खान, आफताब अहमद, धीर सिंह यादव, अनिल विश्वकर्मा, डॉ. जेपी सिंह चैहान, अहमद रजा, मेराज अहमद, आदित्य शर्मा पंकज, बुद्ध सागर शुक्ला, प्रदीप कुमार एवं अजय कुमार सहित अनेक पदाधिकारी, पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के छह वर्षों के सफर को साझा करते हुए पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठन की भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंत में संयोजक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages