सूरज उगल रहा अंगारे, सड़कों पर पसरा सन्नाटा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, May 26, 2026

सूरज उगल रहा अंगारे, सड़कों पर पसरा सन्नाटा

लू के थपेड़ों ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, दोपहर में घरों में कैद होने को मजबूर लोग

फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद इन दिनों भीषण गर्मी और तेज लू की चपेट में है। आसमान से बरस रही आग और झुलसा देने वाली धूप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं, जबकि दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हर तरफ केवल हाय गर्मी की आवाज सुनाई दे रही है। तापमान लगातार बढ़ने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। फोटो में साफ देखा जा सकता है कि मुख्य मार्ग पर दिन के समय भी वाहनों और राहगीरों की आवाजाही बेहद कम है। आम दिनों में व्यस्त रहने वाले रास्ते दोपहर के समय वीरान नजर आ रहे हैं। तेज धूप और लू के कारण सबसे ज्यादा परेशानी मजदूरों,

भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों के बीच सुनसान मार्ग का दृश्य।

रिक्शा चालकों, किसानों और दिहाड़ी कामगारों को उठानी पड़ रही है। खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोग बार-बार छांव और पानी का सहारा लेने को मजबूर हैं। वहीं बाजारों में भी दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है। दुकानदार भी गर्मी के चलते परेशान दिखाई दे रहे हैं। गर्मी का असर बच्चों और बुजुर्गों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। कई स्थानों पर लोग ठंडे पेय पदार्थों, गन्ने के रस और पानी का सहारा लेकर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढककर चलने की सलाह दी है। भीषण गर्मी ने पूरे जनपद की रफ्तार धीमी कर दी है और लोग अब बारिश का इंतजार करने लगे हैं, ताकि इस तपती गर्मी से कुछ राहत मिल सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages