बांदा, के एस दुबे । साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल के बीच बांदा पुलिस की साइबर क्राइम टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम पुलिस थाना टीम ने विभिन्न माध्यमों से धोखाधड़ी का शिकार हुए दो अलग-अलग पीड़ितों के खातों में कुल 1,16,991 रुपये वापस कराने में कामयाबी हासिल की है। अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर पीड़ितों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
साइबर ठगी का पहला मामला थाना तिंदवारी क्षेत्र से सामने आया था। यहां के निवासी सुनील कुमार पुत्र चुनकी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनकी पत्नी के प्रसव से जुड़े कार्य के दौरान साइबर ठगों ने उन्हें अपना शिकार बनाया। शातिरों ने खुद को श्आशा बहूश् बताते हुए झांसा दिया और सुनील के खाते से 56,991 रुपये पार कर दिए। दूसरा मामला थाना पैलानी क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली सोनाली सिंह के साथ साइबर अपराधियों ने यूपीआई के माध्यम से धोखाधड़ी की। शातिरों ने सोनाली को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते से 60,000 रुपये दूसरे बैंक अकाउंट में अवैध रूप से ट्रांसफर कर लिए थे।
दोनों ही मामलों में शिकायत प्राप्त होने के बाद, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने साइबर क्राइम पुलिस थाना की टीम को तत्काल कार्रवाई और रकम ब्लॉक कराने के निर्देश दिए। साइबर टीम ने आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए और संबंधित बैंकों से फौरन संपर्क साधकर ठगों के खातों को फ्रीज करवाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम दोनों पीड़ितों की कुल 1,16,991 रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि बरामद कर उनके मूल खातों में वापस कराने में सफल रही।अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर सुनील कुमार और सोनाली सिंह बेहद भावुक नजर आए। दोनों ही पीड़ितों ने बांदा पुलिस और साइबर सेल की टीम के त्वरित प्रयासों की जमकर सराहना की और पुलिस अधीक्षक सहित पूरी टीम को दिल से धन्यवाद दिया।


No comments:
Post a Comment