बांदा, के एस दुबे । शहर में कथित रूप से संचालित हो रहे जुए के बड़े नेटवर्क को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार शहर में कई नाम से चर्चित व्यक्ति के संरक्षण में बड़ा खेल संचालित होने का दावा किया जा रहा है, जहां हर रात लाखों रुपये के दांव लगाए जाते हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों का कहना है कि शहर के मेडिकल कॉलेज के पीछे अलावा गन्छा, दुरेड़ी, कहला समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी कथित तौर पर जुए की फड़ें संचालित होती हैं। आरोप है कि इन स्थानों पर देर रात से लेकर सुबह तक जुए का खेल चलता है और इसमें दूर-दराज के खिलाड़ी भी पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों का दावा है कि फड़ की सुरक्षा के लिए करीब 15 युवकों की टीम तैनात रहती है और वहां पहुंचने के लिए विशेष पहचान या कोड वर्ड का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि बड़े खिलाड़ियों के लिए अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। चर्चा यह भी है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कथित कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। लोगों का आरोप है कि समय-समय पर कार्रवाई होती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से गतिविधियां शुरू हो जाती हैं।
शहर में इस पूरे मामले को लेकर लोगों ने पुलिस-प्रशासन से निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बड़े स्तर पर जुए का कारोबार संचालित हो रहा है तो इसके वित्तीय स्रोत, संरक्षण देने वालों और पूरे नेटवर्क की जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए। सूत्र का दवा है कि पुलिस को 1 दिन का एक खेल का ₹3000 दिया जाता है।फिलहाल इस मामले में पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment