बांदा, के एस दुबे । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बांदा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने चिल्ला थाना क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए अंतरजनपदीय गांजा तस्करी करने वाले 3 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में सूखा गांजा बरामद किया है। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से संयुक्त टीम ने 65 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। तस्कर इस गांजे को क्षेत्र में खपाने और
सप्लाई करने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही मुस्तैद टीम ने इन्हें दबोच लिया।चिल्ला थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही हैं। सप्लाई चेन पर नजररू पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया जा रहा था और जनपद व आसपास के इलाकों में इसे किन-किन स्थानों पर बेचा जाना था। पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सफेदपोशों और तस्करों के ठिकानों पर दबिश देकर पूरे गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ चिल्ला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment